जांजगीर-चांपा: जिले के ग्राम पोंछ के जंगल में शुक्रवार सुबह 23 वर्षीय युवक गोपी दास महंत का शव पेड़ पर लटका हुआ मिला। युवक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक सुसाइड नोट पोस्ट किया था, जिसमें उसने अपनी गर्लफ्रेंड सीमा महंत और अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए। बलौदा पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, गोपी दास महंत गुरुवार दोपहर 1:30 बजे से घर से लापता था। वह रायपुर की एक मिठाई दुकान में सेल्समैन का काम करता था। अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में उसने लिखा, “मैं गोपी दास महंत, ग्राम पोंछ का रहने वाला हूं। मेरे मरने का मुख्य कारण मेरी गर्लफ्रेंड सीमा महंत, उनके पिता फूलदास महंत (ग्राम तरदा, कोरबा) और उनके दोस्त विनीता व रुपेश हैं। पिछले चार साल से मैं इनके दुख झेल रहा हूं। 13 जून 2025 को मुझे रायपुर बुलाकर 15,000 रुपये ले लिए गए और रेप केस में फंसाने की धमकी दी गई। मां-पापा, मुझे माफ कर देना।”
पोस्ट वायरल होने के बाद परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन गोपी का फोन बंद था। बलौदा थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई। शुक्रवार सुबह गांव के एक ग्रामीण ने जंगल में पेड़ पर लटके शव को देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
परिजनों ने गोपी की गर्लफ्रेंड और उसके साथियों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। बलौदा पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
बलौदा थाना अन्तर्गत ये लगातार दूसरी घटना है, कुछ ही दिन पहले बलौदा निवासी आनंद देवांगन ने भी अपनी पत्नी पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए आत्महत्या कर ली थी.
