डुप्लीकेट तेल बेचने वाले दुकान संचालकों के विरुद्ध सिटी कोतवाली और चाम्पा पुलिस की कार्यवाही

जांजगीर-चांपा। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी लिमिटेड (HPCL) के नाम और पैकिंग का दुरुपयोग कर डुप्लीकेट तेल बेचने के मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन दुकान संचालकों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2.50 लाख रुपये कीमत का डुप्लीकेट तेल एवं संबंधित सामग्री बरामद कर जब्त की है।

जिले में कंपनी के नाम पर डुप्लीकेट सामान की बिक्री की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क एवं नगर पुलिस अधीक्षक जांजगीर योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली जांजगीर और थाना चाम्पा पुलिस की अलग-अलग टीमों ने क्षेत्र में नकली एवं डुप्लीकेट उत्पादों की बिक्री के खिलाफ जांच शुरू की।

इसी क्रम में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी (HPCL) के नाम पर डुप्लीकेट तेल बेचने की शिकायत मिलने पर पुलिस टीम ने संदिग्ध दुकानों में रेड कार्रवाई की। जांच के दौरान तीन दुकान संचालकों के कब्जे से HPCL के नाम एवं पैकिंग में रखे डुप्लीकेट तेल तथा अन्य संबंधित सामग्री बरामद हुई। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 2,50,000 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया कंपनी के अधिकृत उत्पाद के नाम और पैकिंग का दुरुपयोग कर ग्राहकों को डुप्लीकेट तेल बेचे जाने की जानकारी सामने आई है। बरामद सामग्री के संबंध में दस्तावेजों और बिक्री से जुड़ी जानकारी की जांच की जा रही है। साथ ही जब्त उत्पादों का सत्यापन भी कराया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने मामले में निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है—

  1. सुरेश कुमार अग्रवाल, पिता स्व. जोधराम अग्रवाल, उम्र 52 वर्ष, निवासी बिजली ऑफिस रोड, चाम्पा, थाना चाम्पा।
  2. अमन शर्मा, पिता श्री अशोक शर्मा, उम्र 32 वर्ष, निवासी नेताजी चौक, जांजगीर।
  3. नीरज अग्रवाल, पिता स्व. बद्री प्रसाद अग्रवाल, उम्र 51 वर्ष, निवासी दुर्गा ऑटोमोबाइल, चाम्पा।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि लिपिकीय त्रुटि के कारण पूर्व में कौशल अग्रवाल का नाम दर्ज हो गया था। सही नाम सुरेश कुमार अग्रवाल है।

पुलिस की अपील

जांजगीर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी नकली अथवा डुप्लीकेट उत्पादों की बिक्री की जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा है कि ऐसे मामलों में आगे भी लगातार जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, थाना चाम्पा प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक उमेन्द्र मिश्रा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक चंद्रवंशी, उप निरीक्षक भवानी सिंह चौहान, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमारी, मुकेश कुमार पांडेय, प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी, प्रकाश चंद्र राठौर, आरक्षक प्रकाश राठौर, संतुका एवं विनोद राठौर का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *