योनो एप अपडेट के नाम पर भिलाई में दो बुजुर्गों से 4.70 लाख की साइबर ठगी छत्तीसगढ़ में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन आरोपियों पर कार्रवाई के मामले न के बराबर हैं। ताजा मामला भिलाई का है, जहां जामुल और सुपेला थाना क्षेत्र में दो बुजुर्गों के बैंक खातों से साइबर ठगों ने 4.70 लाख रुपये उड़ा लिए। दोनों ही मामलों में ठगों ने एसबीआई योनो एप को अपडेट करने के बहाने पीड़ितों को निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार, दोनों पीड़ित अपने योनो एप को अपडेट कर रहे थे, तभी एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉलर ने खुद को बैंक का कस्टमर केयर अधिकारी बताकर व्हाट्सएप पर एक फर्जी लिंक भेजा। लिंक के जरिए पीड़ितों से गोपनीय जानकारी हासिल की गई और बिना ओटीपी साझा किए उनके खातों से लाखों रुपये ट्रांसफर कर लिए गए।
पहला मामला सुपेला थाना क्षेत्र के नेहरू नगर पश्चिम का है। यहां रहने वाले राजेश कुमार पांडेय के सेक्टर-4 एसबीआई शाखा के बचत खाते से 26 जून को ठगों ने 1.90 लाख रुपये निकाल लिए। दूसरा मामला जामुल थाना क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड का है, जहां माइंस के रिटायर्ड मैनेजर 85 वर्षीय रमाशंकर पांडेय के खाते से 2.80 लाख रुपये की ठगी हुई। पुलिस ने दोनों मामलों में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जामुल और सुपेला थाना पुलिस कॉल के स्रोत और फर्जी लिंक भेजने वाले साइबर ठगों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।
