संवाददाता – रजनी मानिकपुरी
जांजगीर-चांपा: पामगढ़ पुलिस और सायबर सेल की त्वरित कार्रवाई ने एक सनसनीखेज कार लूट मामले का पर्दाफाश किया है। 30 जुलाई 2025 को मिली मुखबिर की सूचना के आधार पर पामगढ़ के वार्ड नंबर 11, इंदिरा नगर में लावारिस हालत में खड़ी एक सफेद स्विफ्ट डिजायर कार (बिना नंबर प्लेट) बरामद की गई। जांच में खुलासा हुआ कि यह वही कार है, जिसे भोपाल से इंदौर ले जाने के लिए तीन अज्ञात युवकों ने बुक किया था। 27 जुलाई 2025 की रात को इन युवकों ने मध्यप्रदेश के सोनकच्छ, जिला देवास में चालक के साथ चाकू से मारपीट कर 1000 रुपये और एक मोबाइल लूट लिया और कार लेकर फरार हो गए। इस मामले में थाना सोनकच्छ में अपराध क्रमांक 499/2025, धारा 309(6), 351(3) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और DSP अजाक जितेंद्र खूंटे के मार्गदर्शन में पामगढ़ पुलिस और सायबर सेल की संयुक्त टीम ने कार (नंबर MP 04 YW 8739) की पहचान कर इसे सोनकच्छ पुलिस को सौंप दिया। सोनकच्छ पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुट गई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा, सहायक उपनिरीक्षक संतोष बंजारे, सायबर सेल प्रभारी सागर पाठक, विवेक सिंह, शहबाज खान, श्रीकांत सिंह, और अन्य पुलिसकर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। यह कार्रवाई न केवल पामगढ़ पुलिस की सतर्कता को दर्शाती है, बल्कि अंतरराज्यीय अपराध को रोकने में भी मील का पत्थर साबित हुई है।
सनसनीखेज कार लूट का खुलासा! पामगढ़ पुलिस ने लावारिस स्विफ्ट डिजायर बरामद कर MP पुलिस को सौंपा
