अकलतरा में फिर ताला टूटा! लाखों के सोने-चांदी के गहने, लैपटॉप और 20 हजार नकद चोरी

जांजगीर – चांपा जिले के अकलतरा में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला वार्ड नंबर 16 मंडी रोड के निवासी देवेंद्र खांडेल का है। 31 जनवरी को वे रायपुर परीक्षा दिलाने गए थे, जहां उनकी मां और बहन भी पहले से मौजूद थीं। घर पूरी तरह सूना था। देवेंद्र की परीक्षा 1 फरवरी और 6 फरवरी को थी, और वे 6 फरवरी शाम करीब 5 बजे घर लौटे।घर पहुंचते ही उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा पड़ा है और अंदर का दरवाजा भी तोड़ा गया था। घर में दो अलमारियां खुली मिलीं, सामान बिखरा हुआ था। जांच में पता चला कि शादी के लिए रखे गए सोने के गहने गायब हैं। चोरी का सामान इस प्रकार है:एक पूरा सोने का सेट (हार, कान की जोड़ी, अंगूठी) – लगभग 3.5 तोला
तीन-तीन ग्राम की तीन सोने की अंगूठियां
एक जोड़ी सोने का झुमका
20 तोले का चांदी का पायल
25 चांदी के सिक्के
Dell कंपनी का एक लैपटॉप
20,000 रुपये नकद

देवेंद्र ने तुरंत अपने बड़े भाई अविनाश खांडेल को सूचना दी और दोनों ने अकलतरा थाने में रात 10 बजे FIR दर्ज कराई।अकलतरा में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि टीआई भास्कर शर्मा के कार्यकाल में कई पुराने मामले सुलझाए गए और आरोपी पकड़े गए, लेकिन चोरों के लिए यहां जैसे ‘स्वर्ग’ बन गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि अधिकांश चोरियां नशेड़ी और कर्ज में डूबे लोग कर रहे हैं। स्थानीय मेडिकल स्टोरों में सस्ता नशा आसानी से मिल रहा है, वहीं ऑनलाइन-अॉफलाइन जुआ लोगों को कर्जदार बना रहा है। कई लोग कर्ज से तंग आकर आत्महत्या कर लेते हैं, तो कुछ चोरी का रास्ता चुनते हैं। युवाओं में महंगे मोबाइल खरीदने की होड़ भी चोरियों को बढ़ावा दे रही है, जैसा कि पोड़ी दल्हा मंदिर मुकुट चोरी मामले में आरोपी ने कबूल किया था।प्रशासन से अपेक्षा है कि नशा और जुआ पर सख्ती बढ़ाई जाए, ताकि ऐसी घटनाओं पर लगाम लग सके। पुलिस जांच में जुटी है, लेकिन अभी तक चोर फरार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *