पौना की बरात में जमकर बवाल, एक की आंख फूटी, 5 घायल, वीडियो हुआ वायरल

जांजगीर-चांपा: जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत पौना गांव में बरात के दौरान जमकर मारपीट का मामला सामने आया है। घटना 16 अप्रैल की है, जब खोखरा गांव से पुनउराम यादव के घर पौना गांव में बरात पहुंची थी।

परघनी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। गांव के ही कुछ युवकों ने बरात में शामिल युवकों पर लात-घूंसे और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

इस घटना में पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनके सिर में गहरी चोटें आई हैं। सभी घायल खोखरा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं, मारपीट के दौरान लोकेश यादव नामक युवक की आंख फूट गई, जिसे गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि हमलावर भी उसी गांव के निवासी हैं और किसी पुराने विवाद या कहासुनी के चलते यह घटना हुई। मारपीट में दूल्हे के पिता को भी नहीं बख्शा गया और उनकी भी पिटाई कर दी गई।

घटना के बाद सभी घायलों को जांजगीर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *