समरसिबल और मोटर पंप चोरी मामले में बड़ी कार्रवाई, सूरजपुर पुलिस को मिली बड़ी सफलता.

सूरजपुर जिले में लगातार हो रही समरसिबल और मोटर पंप चोरी की घटनाओं का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। चौकी लटोरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी के मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 50 हजार रुपये कीमत के 3 मोनोब्लॉक पंप और 2 समरसिबल पंप बरामद किए गए हैं।


पुलिस के अनुसार द्वारिकानगर और आसपास के गांवों में किसानों के खेतों और बाड़ियों से लगातार मोटर पंप और समरसिबल पंप चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। मामले की जांच के दौरान पुलिस पहले ही एक विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालक सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जिनके पास से चोरी का पंप और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई थी।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने और चोरी का सामान बेचने की बात स्वीकार की। इसके बाद डीआईजी एवं एसएसपी के निर्देश पर चौकी लटोरी पुलिस ने मुखबिर की सूचना और लगातार जांच के आधार पर शेष 7 आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने कई किसानों के खेतों और बाड़ियों से पंप चोरी करने की बात कबूल की है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के लिए न्यायालय में पेश किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *