ITBP जवान मां का कटा हाथ लेकर पहुंचा पुलिस कमिश्नर कार्यालय, अस्पताल की लापरवाही का आरोप

कानपुर: मंगलवार को कानपुर पुलिस कमिश्नर कार्यालय में हड़कंप मच गया जब भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) का एक जवान अपने मां का कटा हुआ हाथ एक बॉक्स में लेकर वहां पहुंच गया। जवान ने एक निजी अस्पताल की लापरवाही के कारण मां का हाथ कटने का आरोप लगाया।
मामले की गंभीरता देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने तुरंत संज्ञान लिया और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को जांच के लिए पत्र भेजा। साथ ही तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी गई है।

सांस की तकलीफ से शुरू हुई परेशानी
फतेहपुर जिले के खागा हाथगाम निवासी विकास सिंह महाराजपुर स्थित 32वीं बटालियन आईटीबीपी में तैनात हैं। उन्होंने बताया कि उनकी मां को 13 मई को सांस लेने में तकलीफ होने पर एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया जा रहा था। रास्ते में जाम लगने और मां की हालत बिगड़ने पर उन्हें टाटमिल स्थित एक निजी अस्पताल ले जाना पड़ा।विकास सिंह के अनुसार, अस्पताल में डॉक्टरों ने मां को ऑक्सीजन दी और हाथ में IV लाइन (वीगो) लगाई। इससे हालत में कुछ सुधार हुआ। अगले दिन उन्हें मां को दूसरे अस्पताल ले जाना पड़ा, लेकिन तब तक हाथ में तेज सूजन आ गई थी।
गलत IV से इंफेक्शन, फिर हाथ काटना पड़ा
दूसरे अस्पताल में जांच में डॉक्टरों ने हाथ में गंभीर संक्रमण (इंफेक्शन) होने की बात कही। विकास सिंह का आरोप है कि पहले अस्पताल में गलत तरीके से IV लाइन लगाए जाने के कारण इंफेक्शन फैला। हालत इतनी बिगड़ गई कि 17 मई को डॉक्टरों को मां का हाथ काटना पड़ा।मां के हाथ कटने से आहत विकास सिंह न्याय की मांग करते हुए थाने से लेकर स्वास्थ्य विभाग तक कई जगह शिकायत कर चुके हैं, लेकिन उन्हें कहीं सुनवाई नहीं मिली।

कमिश्नरेट पहुंचा तो हरकत में आया प्रशासन
आखिरकार विकास सिंह ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों से अनुमति लेकर पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे और बॉक्स में रखा मां का कटा हुआ हाथ दिखाया। इस घटना से वहां मौजूद अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है और जल्द रिपोर्ट आने की उम्मीद है। पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है।

ये भी पढ़ें : पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक हुए लूट का शिकार, मॉर्निंग वॉक के दौरान बाइक सवार ने छीना मोबाइल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *