रायपुर। सैनिक स्कूल अंबिकापुर सहित देशभर के सैनिक स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छठवीं और नौवीं में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा (AISSEE-2027) का आयोजन 31 जनवरी 2027 को किया जाएगा। प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी 2 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
2 दिसंबर तक बिना विलंब शुल्क कर सकेंगे आवेदन
सैनिक स्कूल अंबिकापुर के प्राचार्य द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, रक्षा मंत्रालय के अधीन संचालित सैनिक स्कूल में कक्षा छठवीं एवं नौवीं में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों का चयन अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 3 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। आवेदन के साथ परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 2 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।
निर्धारित समय में आवेदन नहीं कर पाने वाले अभ्यर्थियों को विलंब शुल्क के साथ आवेदन का अवसर भी मिलेगा। ऐसे विद्यार्थी 500 रुपये अतिरिक्त शुल्क देकर 3 से 6 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। वहीं, आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि सुधारने के लिए 7 से 9 दिसंबर 2026 तक करेक्शन विंडो खुली रहेगी।
31 जनवरी को होगी प्रवेश परीक्षा, जानें परीक्षा का पैटर्न
एनटीए के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित होगी। परीक्षा केंद्र के शहर की जानकारी 11 जनवरी 2027 को जारी की जाएगी, जबकि अभ्यर्थी 25 जनवरी 2027 से आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित होगी और पेन-पेपर मोड में ओएमआर शीट के माध्यम से आयोजित की जाएगी। कक्षा छठवीं के लिए परीक्षा की अवधि 150 मिनट (2 घंटे 30 मिनट) निर्धारित की गई है। यह परीक्षा 13 भाषाओं में होगी। वहीं, कक्षा नौवीं की प्रवेश परीक्षा 180 मिनट की होगी और इसका आयोजन अंग्रेजी माध्यम में किया जाएगा।
एनटीए की वेबसाइट पर करें ऑनलाइन आवेदन
प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। पात्रता, आयु सीमा, आरक्षण, परीक्षा पाठ्यक्रम, शुल्क और प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी सूचना पुस्तिका में उपलब्ध है।
ऑनलाइन आवेदन के लिए आधिकारिक वेबसाइट:
परीक्षा से संबंधित किसी भी जानकारी या समस्या के समाधान के लिए अभ्यर्थी एनटीए हेल्पडेस्क के नंबर 011-40759000 और 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा aissee@nta.ac.in पर ई-मेल भेजकर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
अभिभावक ध्यान दें: सामान्य आवेदन की अंतिम तिथि 2 दिसंबर 2026 है। इसलिए इच्छुक विद्यार्थी अंतिम समय का इंतजार किए बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
