वन विभाग की लापरवाही! खुले सेफ्टी टैंक में गिरे दो मवेशी, ग्रामीणों ने जान पर खेलकर किया रेस्क्यू

कोरबा। जिले के वन परिक्षेत्र कोरबा अंतर्गत ग्राम भूलसीडीह स्थित वनोपज जांच नाका बेरियर के पास वन विभाग की लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां विभाग के एक पुराने और खुले सेफ्टी टैंक में दो मवेशी गिरकर फंस गए। घटना सोमवार दोपहर करीब 4 बजे की बताई जा रही है। मवेशियों के टैंक में गिरने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, दोनों मवेशी पुराने सेफ्टी टैंक में गिर गए थे। टैंक से बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं होने के कारण वे अंदर ही फंस गए। ऐसे में ग्रामीणों ने रस्सी और लकड़ी की मदद से उन्हें बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत और आपसी सहयोग के बाद दोनों मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता, रेस्क्यू में इन लोगों की रही अहम भूमिका

मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकालने के इस सराहनीय कार्य में राजू साहू, विजय टंडन, रवि कंवर, मिलाप, विनोद, राजा खूंटे, कमलेश, रमेश, अमित सहित नाका प्रभारी जायसवाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ग्रामीणों की तत्परता और सामूहिक प्रयास से दोनों मवेशियों की जान बच गई।

खुले सेफ्टी टैंक को लेकर वन विभाग पर उठे सवाल

घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि विभागीय परिसर के पास स्थित पुराने सेफ्टी टैंक को बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के खुला छोड़ दिया गया है। यह न केवल मवेशियों, बल्कि आसपास आने-जाने वाले लोगों के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है।

ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि खुले सेफ्टी टैंक को तत्काल सुरक्षित तरीके से ढंकवाया जाए और आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *