आदित्य धर निर्देशित फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ रही है, लेकिन कुछ लोग इसे प्रोपेगेंडा बताकर आलोचना कर रहे हैं। इस विवाद के बीच बीजेपी नेता और दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने तीखा हमला बोल दिया। मिथुन ने कहा, “आपने ‘बंगाल फाइल्स’ को रिलीज ही नहीं होने दिया, इससे बड़ी बात क्या हो सकती है? अब ‘धुरंधर 2’ को प्रोपेगेंडा बता रहे हैं। अगर फिल्म गलत लग रही थी तो रिलीज से पहले क्यों नहीं रोका?” उन्होंने आगे आरोप लगाया कि टीएमसी ने ‘बंगाल फाइल्स’ की एक भी रील देखे बिना ही उसका विरोध शुरू कर दिया और पश्चिम बंगाल में रिलीज रोक दी। मिथुन ने फिल्म की सफलता का भी जिक्र करते हुए कहा, “धुरंधर 2 ने कई रिकॉर्ड तोड़े हैं। इतने लोग इसे देख रहे हैं, इसका मतलब दर्शक बेवजह किसी फिल्म को हिट नहीं बनाते। हर समुदाय के लोग इसे पसंद कर रहे हैं।”

फिल्म की कहानी: ‘धुरंधर 2’ जसकीरत सिंह (रणवीर सिंह) की कहानी है, जिसकी जिंदगी परिवार के साथ हुए अन्याय के बाद बदल जाती है। बदले की आग में वह अपराध की दुनिया में कदम रखता है। बाद में उसे देश के लिए काम करने का मौका मिलता है और वह पाकिस्तान में ‘हमजा अली मजारी’ बनकर अंडरकवर एजेंट के रूप में घुसपैठ करता है। फिल्म का दूसरा भाग मुख्य रूप से कराची के ल्यारी इलाके के गैंगवार और सत्ता संघर्ष पर केंद्रित है। रहमान डकैत की मौत के बाद खाली हुई गद्दी पर कब्जे की जंग में हमजा अपनी चालाकी से आगे बढ़ता है। मिथुन का बयान पश्चिम बंगाल की सियासी माहौल को और गरमा रहा है। फिल्म की जबरदस्त सफलता दर्शकों की पसंद को साफ दिखा रही है।
ये भी पढ़ें :ट्रेंडिंग ‘कैप्टन बाबा’ अशोक खरात से लेकर आसाराम-राम रहीम तक: फेमस ‘बाबाओं’ का रेप कांड |
