बेंगलुरु (कर्नाटक)। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के नॉर्थ इलाके से एक बेहद चौंकाने वाला और रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक निजी स्कूल की महिला प्रिंसिपल ने अपने ससुर पर पिछले छह सालों (2020 से दिसंबर 2025 तक) लगातार यौन उत्पीड़न, शारीरिक शोषण और धमकियों के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने RT नगर पुलिस थाने में FIR दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। राज्य महिला आयोग ने भी इस मामले में स्वतः संज्ञान लिया है।पीड़ित महिला, जो 2007 से एक निजी स्कूल (RT नगर क्षेत्र) में प्रिंसिपल हैं, ने अपनी शिकायत में बताया कि शादी के शुरुआती वर्षों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन 2020 से ससुर का व्यवहार बदल गया। आरोपी ससुर (जो स्कूल के फाउंडर भी बताए जा रहे हैं) जब वह घर में अकेली होती थीं, तो जबरन फ्लैट में घुस आता था और अश्लील हरकतें करने लगता था। उसने कई बार कपड़े उतारने की कोशिश की, हाथ से लिखे अश्लील पत्र दिए जिनमें उसकी शक्ल-सूरत का जिक्र होता था, उन्हें पढ़वाकर उत्पीड़न करता था और फिर वापस ले लेता था।पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी उसे धमकाता था कि अगर किसी को बताया तो उसके बच्चों को नुकसान पहुंचा दिया जाएगा। इसी डर से वह लंबे समय तक चुप रहीं। बाद में जब उत्पीड़न बढ़ता गया, तो उन्होंने पति को सब बताया। परिवार के बड़ों ने हस्तक्षेप किया और आरोपी को चेतावनी दी, लेकिन कुछ समय बाद उत्पीड़न फिर शुरू हो गया। आरोपी ने स्कूल के केबिन और अपार्टमेंट की लिफ्ट में भी उसे परेशान किया।घटना का ताजा मोड़ 15 दिसंबर 2025 को आया, जब सुबह करीब 7:30 बजे अपार्टमेंट की लिफ्ट के पास आरोपी ने एक बार फिर शारीरिक उत्पीड़न की कोशिश की। विरोध करने पर उसने पीड़िता के पेट में मुक्का मारा और मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद महिला ने पुलिस का रुख किया।RT नगर पुलिस ने FIR दर्ज कर सभी पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है। कर्नाटक राज्य महिला आयोग ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए खुद संज्ञान लिया है और न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में कदम उठा रही है।यह मामला एक बार फिर पारिवारिक रिश्तों में विश्वासघात, घरेलू उत्पीड़न और महिलाओं की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है। जांच जारी है और आरोपी की तलाश/कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें : शराबी पति ने पत्नी और नाबालिग बेटी पर पेट्रोल डालकर लगा दी आग, दोनों झुलसकर अस्पताल में भर्ती
स्कूल की प्रिंसिपल ने ससुर पर 6 साल से यौन उत्पीड़न का लगाया गंभीर आरोप
