मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ महतारी को नमन किया: राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर लिया विकास का संकल्प

रजनी मानिकपुरी, संवाददाता
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के कलेक्ट्रेट परिसर में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और सर्वांगीण विकास की कामना की।मुख्यमंत्री श्री साय ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति के अनुरूप पूजा-अर्चना की और राज्य की धरोहर, संस्कृति, मातृशक्ति तथा स्वाभिमान की प्रतीक छत्तीसगढ़ महतारी को भावपूर्ण नमन किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी हमारी अस्मिता, आस्था और गर्व का प्रतीक हैं। यह भूमि मातृशक्ति की आराधना वाली है और उनके आशीर्वाद से ही प्रदेश निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर है।प्रदेशवासियों को राज्योत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समग्र विकास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। आम जनता के जीवनस्तर में सुधार, महिला सशक्तिकरण, कृषि विकास, युवाओं को रोजगार, आदिवासी समाज की उन्नति तथा सांस्कृतिक संरक्षण के लिए अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।रजत जयंती वर्ष को नई ऊर्जा और संकल्प का प्रतीक बताते हुए श्री साय ने कहा कि आज का दिन विशेष गौरव का क्षण है, क्योंकि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का छत्तीसगढ़ आगमन हो रहा है और राज्य स्थापना दिवस पर कई ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित होने जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ महतारी के आशीर्वाद से आने वाले समय में प्रदेश देश के अग्रणी एवं समृद्ध राज्यों में अपनी सशक्त पहचान बनाएगा।इस अवसर पर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा सहित गणमान्य नागरिक और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *