संवाददाता : रजनी मानिकपुरी
सक्ती: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त के तहत सक्ती जिले के 90,947 किसानों के खातों में 24.34 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई।
इस अवसर पर जिला स्तरीय “पीएम किसान दिवस” का आयोजन कलेक्टर सभागार में किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअली हिस्सा लेकर राशि हस्तांतरण की प्रक्रिया को संपन्न किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सक्ती की कृषि स्थायी समिति के सभापति, जनपद पंचायत सक्ती के सभापति, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, संबंधित अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। उपसंचालक कृषि के अनुसार, इस किस्त से सक्ती के 21,390, मालखरौदा के 21,811, जैजैपुर के 26,389 और डभरा के 21,357 हितग्राही लाभान्वित हुए। जिले भर में जिला, विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां वेबकास्ट के माध्यम से किसानों को सीधा प्रसारण दिखाया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और किसानों की व्यापक भागीदारी देखी गई।
