बिलासपुर जिले के मस्तूरी क्षेत्र में मंगलवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह और उनके साथियों पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस वारदात में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।घटना की जानकारी के मुताबिक, नितेश सिंह अपने ऑफिस के ठीक सामने कुछ साथियों के साथ बैठे हुए थे। अचानक दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और बिना एक शब्द कहे अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। हमलावरों ने करीब 10 से 12 राउंड फायर किए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।फायरिंग में राजू सिंह और चंद्रशेखर सिंह को गोली लगी। एक युवक के हाथ में गोली धंस गई, जबकि दूसरे की कमर को गोली छूकर निकल गई। दोनों घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, हमले के दौरान जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह ने साहस दिखाते हुए अपनी लाइसेंसी बंदूक से जवाबी फायरिंग की, जिससे हमलावर घबरा गए और मौके से भाग निकले।सूचना मिलते ही मस्तूरी थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह खुद अपोलो अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।घटना के बाद मस्तूरी क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। यह मामला राजनीतिक रंजिश से जुड़ा हो सकता है, लेकिन अभी तक कोई ठोस वजह सामने नहीं आई है। जांच जारी है।
ये भी पढ़ें: जांजगीर-नैला में दर्दनाक सड़क हादसा, 55 वर्षीय महिला की मौत
मस्तूरी में जनपद उपाध्यक्ष पर अंधाधुंध फायरिंग: दो घायल, नितेश सिंह ने की जवाबी गोलीबारी.
