जांजगीर-चांपा। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम डिघोरा में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने अपने ही 35 वर्षीय बेटे की टंगिया से हमला कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता खुद मुलमुला थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतक रावेंद्र मरावी शराब पीने का आदी था। बताया जा रहा है कि शराब के नशे में वह आए दिन घर में विवाद करता था और परिजनों के साथ मारपीट भी करता था। बेटे के इस व्यवहार से परेशान होकर पिता दिलहरण मरावी ने कथित तौर पर गुस्से में आकर उस पर टंगिया से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में गंभीर चोट लगने से रावेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी पिता सीधे मुलमुला थाने पहुंचा और पुलिस के समक्ष अपना जुर्म स्वीकार करते हुए आत्मसमर्पण कर दिया। सूचना पर पुलिस की टीम घटनास्थल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हत्या के वास्तविक कारणों, वारदात की परिस्थितियों और घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
