Border 2 Teaser: गन थामे दिखे वरुण धवन, हीरो बने या मीम मटीरियल?

लेखन: कामना लकारिया

सनी देओल ने अपनी अपकमिंग फिल्म‘बॉर्डर 2’ के टीज़र के साथ फिल्म की आधिकारिक घोषणा कर दी है। ‘गदर 2’ की जबरदस्त सफलता के बाद फैंस एक बार फिर सनी देओल को देशभक्ति से ओत-प्रोत अवतार में देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यह फिल्म 23 जनवरी 2026, आगामी गणतंत्र दिवस के मौके पर बड़े पर्दे पर रिलीज़ होगी। टीज़र रिलीज़ होते ही फिल्म ने पूरे देश में हलचल मचा दी है। 1971 के भारत-पाक युद्ध की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में सनी देओल, दिलजीत दोसांझ, वरुण धवन और अहान शेट्टी नजर आएंगे। वहीं, महिला किरदारों में सोनम बाजवा और मोना सिंह भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी।


डायलॉगबाजी और देशभक्ति के जज्बे से भरपूर यह टीज़र भले ही दमदार हो, लेकिन सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग से भी अछूता नहीं रहा। खासतौर पर वरुण धवन को लेकर लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। टीज़र में वरुण धवन हाथ में गन लिए गोलियां बरसाते हुए आगे बढ़ते नजर आते हैं। इस सीन के बाद जहां कुछ दर्शकों ने फिल्म के VFX को लेकर सवाल उठाए, वहीं वरुण धवन को भी ट्रोल किया जाने लगा। कई लोगों का मानना है कि वह गंभीर और युद्ध आधारित किरदारों में फिट नहीं बैठते और उनकी टाइपकास्ट इमेज उन्हें कॉमिक रोल्स तक सीमित करती है। हालांकि, यह भी सच है कि वरुण धवन इससे पहले ‘बदलापुर’ और ‘अक्टूबर’ जैसी फिल्मों में गंभीर और लीक से हटकर किरदार निभा चुके हैं। लेकिन उनकी हालिया फिल्मों की पसंद की वजह से उन्हें इस तरह की आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है।


फिल्म के प्रमोशन के बीच कुछ यूज़र्स का कहना है कि वरुण धवन बड़े पर्दे की तुलना में प्रमोशनल इवेंट्स में ज्यादा प्रभावी नजर आ रहे हैं। एक्टर्स की ट्रोलिंग के अलावा फिल्म के VFX को लेकर भी सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हो रही है, जिसे कई दर्शक “फेक” बता रहे हैं। वहीं, अगर किसी एक चीज़ की सबसे ज्यादा तारीफ हो रही है तो वह है सनी देओल की दमदार आवाज़ और उनका खूंखार एक्शन अवतार। जल, थल और नभ, हर मोर्चे पर दुश्मन पर कहर बनकर टूटने के लिए ‘बॉर्डर 2’ की टीम पूरी तरह तैयार नजर आ रही है।


अब देखने वाली बात यह होगी कि टीज़र को मिल रहा यह जबरदस्त रिस्पॉन्स क्या फिल्म की रिलीज़ के बाद भी वैसा ही प्यार हासिल कर पाएगा या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *