प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने 22 दिसंबर के भव्य कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 22 दिसंबर को जिले के पुलिस लाइन खोखरा में आयोजित होने वाले विशाल कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं। इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए जिले के प्रभारी मंत्री एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने 17 दिसंबर को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री श्री चौधरी पुलिस लाइन खोखरा पहुंचे, जहां उन्होंने मंच व्यवस्था, डोम, साउंड सिस्टम, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, आवागमन और पार्किंग की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं उच्च स्तर की हों और किसी प्रकार की कमी न रहे। विशेष रूप से दिव्यांगजन, बुजुर्गों एवं महिलाओं के लिए अलग से विशेष सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।निरीक्षण के दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, पूर्व संसदीय सचिव अंबेष जांगड़े, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया, नगर पालिका अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, संभाग आयुक्त सुनील कुमार जैन, पुलिस महानिरीक्षक संजीव शुक्ला, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, वन मंडलाधिकारी हिमांशु डोंगरे, जिला पंचायत सीईओ गोकुल कुमार रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।निरीक्षण के बाद प्रभारी मंत्री ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिलासपुर संभाग के सभी कलेक्टरों एवं जिले के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, विभागीय दायित्वों और समन्वय व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। श्री चौधरी ने कहा कि यह आयोजन जिले के लिए गौरव का अवसर है। सभी विभाग आपसी समन्वय से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें ताकि कार्यक्रम भव्य और यादगार बने।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर आयोजित यह कार्यक्रम राज्य स्तर पर महत्वपूर्ण है। जांजगीर-चांपा में विशाल जनसभा को संबोधित करने जे.पी. नड्डा का आगमन जिले के लिए विशेष महत्व रखता है। प्रशासन पूरी मुस्तैदी से तैयारियों में जुटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *