भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर ने छत्तीसगढ़ के कई जिलों के लिए आज विशेष नाउकास्ट चेतावनी जारी की है। 27 अप्रैल 2025 को सुबह 9:10 बजे से दोपहर 12:10 बजे तक धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और जशपुर जिलों में हल्की आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कुछ सलाहें भी दी हैं।- वाहन सावधानी से चलाएं, उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पार्क करें और मौसम के बदलाव पर नजर बनाए रखें। तेज हवाओं में गिरने या उड़ने वाली वस्तुओं को भी सुरक्षित करने की सलाह दी गई है।
साथ ही चेतावनी दी गई है कि पेड़ों के नीचे शरण न लें, बाहरी गतिविधियां स्थगित करें और जल निकायों के पास जाने से बचें। मौसम विभाग ने लोगों से ताजा अपडेट्स पर ध्यान देने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है।