जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जिले में शासकीय कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, अनुशासित और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जांजगीर-चांपा कलेक्टोरेट सहित विभिन्न विभागों में अधिकारियों और कर्मचारियों ने आधार-आधारित बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज की।
कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने स्वयं बायोमेट्रिक अटेंडेंस दर्ज कर कलेक्टोरेट परिसर में इस प्रणाली की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली लागू होने से कार्यालयों में समय पालन सुनिश्चित होगा और अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति पर सटीक निगरानी संभव हो सकेगी।
कलेक्टर ने कहा कि इस व्यवस्था से शासकीय कार्यसंस्कृति में अनुशासन आएगा, कार्यों की दक्षता बढ़ेगी और आम नागरिकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि तकनीक के माध्यम से शासन को अधिक उत्तरदायी और पारदर्शी बनाया जाए।
