जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा-जांजगीर मुख्य मार्ग पर जवालपुर के पास मंगलवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा बलौदा थाना क्षेत्र का है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूटी पर सवार 37 वर्षीय लाला अघरिया और 17 वर्षीय युवती एक जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए देवकीनी गांव से जवालपुर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार थार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मृत युवती अकलतरा थाना क्षेत्र के कापन गांव की निवासी थी। हादसे की सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।
प्रारंभिक जानकारी और गुप्त सूचना के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त थार को बलौदा के एक बड़े कपड़ा व्यवसायी का बेटा चला रहा था। हालांकि, वाहन चालक की पहचान और दुर्घटना की परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
