जांजगीर-चांपा में लूट के दौरान व्यक्ति की हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात

जांजगीर-चांपा। जिले में लूटपाट के दौरान एक व्यक्ति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान खोखरा निवासी 45 वर्षीय राधेश्याम प्रधान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह चांपा स्थित एक कबाड़ी दुकान में काम पर जा रहे थे, तभी रास्ते में दो अज्ञात बदमाशों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

हमले में राधेश्याम प्रधान गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद लूटपाट कर मौके से फरार हो गए। घायल को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी मौत हो गई।

घटना की पूरी वारदात पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि हत्या और लूट के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *