मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में एक दिल दहलाने वाली घटना ने मानवता को शर्मसार कर दिया। खालवा थाना क्षेत्र के रोशनी चौकी इलाके में 45 वर्षीय एक आदिवासी महिला के साथ सामूहिक दुराचार और क्रूरता की ऐसी घटना सामने आई, जिसने निर्भया कांड की यादें ताजा कर दीं।
जानकारी के अनुसार, दरिंदों ने महिला के साथ सामूहिक बलात्कार किया और फिर उसे रक्तरंजित हालत में छोड़कर फरार हो गए। महिला के साथ इतनी बर्बरता की गई कि उसकी बच्चेदानी बाहर आ गई और प्राइवेट पार्ट से अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस को शक है कि दुराचार के बाद महिला के प्राइवेट पार्ट में रॉड डालकर उसकी आंतरिक अंगों को क्षतिग्रस्त किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। ग्रामीणों के अनुसार, महिला को हरि पालवी के घर में बेहोशी की हालत में पाया गया। होश में आने पर महिला ने अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया। हालांकि, तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों, हरि पालवी और सुनील धुर्वे, को गिरफ्तार किया है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जमकर निशाना साधा। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
