बच्चों पर कथित टोटका कराने के आरोप में शिक्षिका गीता कुंभकार निलंबित

जांजगीर-चांपा। बलौदा विकासखंड के ग्राम पंचायत डोंगरी-काठापाली स्थित शासकीय प्राथमिक शाला काठापाली की शिक्षिका गीता कुंभकार को बच्चों पर कथित रूप से टोटका कराने के आरोपों के बाद निलंबित कर दिया गया है। जिला शिक्षा विभाग ने प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की है।

यह मामला उस समय सामने आया था जब स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के परिजनों ने आरोप लगाया था कि शिक्षिका छात्रों के साथ अंधविश्वास से जुड़ी गतिविधियां करवा रही थीं। घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए थे।

प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर विभाग ने शिक्षिका गीता कुंभकार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस मामले ने जिले में शिक्षा व्यवस्था और स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *