: विश्व आदिवासी दिवस पर बलौदा में रैली और सांस्कृतिक कार्यक्रम, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प*

जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा में 9 अगस्त 2025 को विश्व आदिवासी दिवस धूमधाम से मनाया गया। आदिवासी समाज के तत्वाधान में आयोजित विशेष कार्यक्रम में समाज के लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा में तीर-कमान के साथ रैली निकाली। यह रैली धनवार पारा बेलियाडीह से शुरू होकर अंबेडकर चौक होते हुए बिरसा मुंडा चौक, रामनगर पहुंची। रैली में प्रकृति देव, भगवान बिरसा मुंडा और डॉ. अंबेडकर की पूजा-अर्चना के साथ वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि रेंजर सुखदेव प्रसाद राठिया ने जल, जंगल और जमीन के महत्व पर प्रकाश डाला। नगर पंचायत बलौदा की अध्यक्ष कविता प्रविण डहरिया, डिप्टी रेंजर रामकृष्ण बिंझवार, आदिवासी समाज की जिला उपाध्यक्ष गंगोत्री राजेंद्र कंवर, पार्षद दिलहरण दिवाकर, रामसिंह, आदिवासी नेता राजेंद्र कंवर, कांग्रेस जोन सेक्टर प्रभारी लक्ष्मी भारद्वाज, झपेली सरपंच सोनू कश्यप, महेश कुमार मिरी, महेंद्र मोहन सोनी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे। गंगोत्री राजेंद्र कंवर ने बालिका शिक्षा पर जोर देते हुए समाज में शिक्षा को बढ़ावा देने की बात कही। आदिवासी नेता राजेंद्र कंवर ने कहा, “यह उत्सव हमारी पहचान, संस्कृति और अधिकारों को संरक्षित करने का संकल्प है।” उन्होंने युवाओं से अपनी जड़ों से जुड़े रहने और आधुनिक शिक्षा के साथ पारंपरिक धरोहर को आगे बढ़ाने की अपील की। कार्यक्रम में पुलिस प्रशासन का विशेष सहयोग रहा। महेश कुमार मिरी ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया। बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन को और भव्य बनाया।

रिपोर्ट: रजनी मानिकपुरी, बलौदा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *